बच्चों के लिए लॉन्च हुआ ChatGPT का नया वर्जन, अब पैरेंट्स को मिलेंगे खास कंट्रोल, जानें

बच्चों के लिए लॉन्च हुआ ChatGPT का नया वर्जन, अब पैरेंट्स को मिलेंगे खास कंट्रोल, जानें

ChatGPT

Courtesy: LinkedIn

Open AI ने किशोरों के लिए ChatGPT for Teens लॉन्च किया है। इसका मकसद बच्चों को AI का इस्तेमाल पढ़ाई और सीखने के लिए सुरक्षित तरीके से करने में मदद करना है। 13 से 17 साल की उम्र के यूजर्स के लिए ChatGPT में अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स जोड़े गए हैं।

उम्र के हिसाब से बदल जायेगा ChatGPT

अगर सिस्टम को लगता है कि कोई यूजर 18 साल से कम उम्र का है या यूजर खुद 13 से 17 साल की उम्र बताता है, तो उसे ChatGPT for Teens अनुभव में रखा जायेगा। इसमें सामान्य ChatGPT के मुकाबले ज्यादा सुरक्षा उपाय होंगे।

पढ़ाई के लिए खास फीचर्स

ChatGPT for Teens में Study Mode दिया गया है। इसमें AI सीधे जवाब देने के बजाय बच्चों को सवालों और आसान स्टेप्स के जरिये विषय समझने में मदद करता है।

इसके अलावा क्विज और Learning Visualizations जैसे फीचर्स भी दिये गए हैं, ताकि बच्चे सिर्फ उत्तर याद करने के बजाय कॉन्सेप्ट को बेहतर तरीके से समझ सकें।

पैरेंट्स को मिलेंगे ये कंट्रोल

माता-पिता अपने बच्चे के ChatGPT अकाउंट को पैरेंटल कंट्रोल से लिंक कर सकते हैं। इसके जरिये वे Quiet Hours सेट कर सकते हैं, Voice Mode बंद कर सकते हैं और Image Generation का एक्सेस मैनेज कर सकते हैं। कुछ गंभीर सुरक्षा स्थितियों में पैरेंट्स को नोटिफिकेशन भी मिल सकते हैं।

खतरनाक कंटेंट से सुरक्षा

किशोरों के लिए ChatGPT में ग्राफिक हिंसा, आत्म-हानि, खतरनाक वायरल चैलेंज, शरीर को लेकर अस्वस्थ सोच और यौन या रोमांटिक रोलप्ले जैसे जोखिम वाले कंटेंट पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किये गए हैं।

ज्यादा इस्तेमाल पर ब्रेक की याद दिलायेगा

OpenAI ने बताया है कि लंबे समय तक ChatGPT इस्तेमाल करने वाले किशोरों को ज्यादा बार ब्रेक लेने की याद दिलाई जायेगी। इसका उद्देश्य बच्चों में AI के साथ संतुलित और स्वस्थ डिजिटल आदतों को बढ़ावा देना है।

बच्चों और पैरेंट्स के लिए क्यों अहम है?

AI का इस्तेमाल पढ़ाई, जानकारी और क्रिएटिव कामों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों को AI से पूरी तरह दूर रखने के बजाय सुरक्षित तरीके से इसका इस्तेमाल सिखाना जरूरी होता जा रहा है। OpenAI का नया Teen अनुभव इसी दिशा में एक कदम है।