सवर्ण समाज के साथ भेदभाव और बर्बर दमन के विरुद्ध नवादा में आक्रोश मार्च

प्रधानमंत्री को पत्र भेज बराबरी के अधिकार की मांग की

सवर्ण समाज के साथ भेदभाव और बर्बर दमन के विरुद्ध नवादा में आक्रोश मार्च

नवादा(बिहार)। सवर्ण समाज के साथ कथित भेदभाव, उत्पीड़न तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन की अनुमति नहीं देने और आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिल्ली से बाहर भेजने के आरोप के खिलाफ आज नवादा नगर में सवर्ण समाज द्वारा आक्रोश मार्च निकाला गया। आंदोलनकारियों का आरोप है कि केन्द्र सरकार ने सवर्णों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किया है। आक्रोश मार्च का नेतृम्त्व सवर्ण समाज के राष्ट्रीय संयोजक राजेश कुमार श्री ने किया। 

जिला मुख्यालय नवादा नगर स्थित बिहार केसरी डॉ श्रीकृष्ण सिंह स्मारक स्थल से सवर्ण समाज का विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया जो पूरे नगर में प्रदर्शन करते हुए प्रजातंत्र चौक पर समाप्त हुआ। प्रदर्शन के दौरान पूरा नवादा नगर "यूजीसी के नये संशोधन को वापस लो, राष्ट्रीय सवर्ण आयोग का गठन करो, आरक्षण में सुधार करो और EWS को पूर्ण बराबरी का अधिकार दो" आदि मांगों से संबंधित नारों से गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने प्रजातंत्र चौक पर जेपी प्रतिमा के समीप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतले का दहन किया। सवर्ण समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उनके माध्यम से प्रधानमंत्री को चार सूत्री मांगों से सम्बंधित मांग—पत्र प्रेषित भी किया। प्रतिनिधि मंडल में राजेश कुमार श्री, संजय सिंह, महेश कुमार, चंदन सिंह एवं शंकर पांडेय शामिल थे।