Courtesy: A. I.
नवादा (बिहार)। प्रोजेक्ट गर्ल्स इंटर स्कूल में इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटैक) नवादा चैप्टर द्वारा आयोजित Quiz प्रतियोगिता शनिवार को सम्पन्न हो गया। प्रतियोगिता में 82 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। क्विज में प्रथम स्थान इंटर गर्ल्स स्कूल की जोड़ी सोनाली कुमारी एवं आदित्य कुमार ने प्राप्त किया, वहीं दूसरा स्थान फ्रंटलाइन स्कूल, नवादा के ग्रुप की जोड़ी उत्कर्ष राज एवं विनीत विनायक ने प्राप्त किया। श्रम अधीक्षक चन्द्रशेखर कुमार सिंह तथा सहायक संग्रहालय अध्यक्ष डॉ सुमन कुमारी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता इंटैक के नवादा कन्वेनर प्रो. बच्चन कुमार पांडेय ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुआ। जिसमें प्रो० बच्चन कुमार पाण्डेय, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर दयानन्द प्रसाद, तारणी सेन महतो, जूरी सदस्य डॉ० सुबोध कुमार, रोशनी जैन एवं सोनाली राज के साथ-साथ इंटैक सदस्य प्रो० केशव नाथ, महेन्द्र प्रसाद सिंह, रामनरेश सिंह, ललित किशोर शर्मा, सिद्धेश्वर सिंह एवं चन्द्रमौली शर्मा ने भी भागीदारी सुनिश्चित की।
प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए प्रो० बच्चन कुमार पाण्डेय ने इंटैक की स्थापना के उद्देश्य एवं इसके कार्यकलाप की विस्तृत चर्चा की और कहा कि इंटैक विरासत का संरक्षण करती है एवं इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गाँधी ने इसकी स्थापना की थी। जिसका उद्देश्य था सरकार से छूटे उन कार्यों को पूरा करना जो विरासत संरक्षण से सम्बंधित हैं।
उन्होंने 'राष्ट्रीय पोस्टर प्रतियोगिता' के क्षेत्रीय विजेताओं संत जोसेफ स्कूल की छात्रा निधि कुमारी को नवादा जिला में प्रथम, सृष्टि को द्वितीय एवं मनीषा को तृतीय स्थान लाने पर मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
परियोजना समन्वयक (प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर) दयानन्द प्रसाद ने Quiz संचालन की नियमावली को बताते हुए कहा कि लिखित परीक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान लाने वाले ग्रुप से मौखिक सवाल पूछे जायेंगे जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जायेगा। इस आधार पर चार जोड़ों का चयन हुआ जिसमें दो जोड़ी प्रथम एवं द्वितीय स्थान पाने में सफल रही। प्रथम एवं द्वितीय स्थान पाने वाली जोड़ी राज्यस्तरीय Quiz प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस मौके पर जूरी सदस्य डॉ० सुबोध कुमार ने सभी प्रतिभागियों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रथम एवं द्वितीय रैंक लाने वाली जोड़ी के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। दोनों विजेता ग्रुप की जोड़ी को मेडल प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी शिक्षकों को promoter के रूप में प्रशस्ति-पत्र दिया गया। मेडल एवं प्रशस्ति पत्र विशिष्ट अतिथि चन्द्रशेखर कुमार एवं डॉ सुमन कुमारी के हाथों प्रदान किया गया। इंटैक के वरिष्ठ सदस्य महेन्द्र प्रसाद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों एवं शिक्षकों को धन्यवाद दिया।